मंडी में देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल : मंडी की सात विभूतियां होंगी सम्मानित
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
मंडी, 01 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी और छोटी काशी के रूप में विख्यात मंडी शहर के प्रतिष्ठित संस्कृति सदन में आगामी 3 से 5 जुलाई तक तीन दिवसीय देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। जिसका विधिवत शुभारंभ शुक्रवार को भारतीय कृषि परिषद के अध्यक्ष व भारत सरकार के पूर्व कृषि एवं पशुपालन सचिव तरुण श्रीधर करेंगे। फेस्टिवल के आयोजक एवं फिल्म निर्देशक पवन शर्मा ने बताया कि इस बार महोत्सव की गरिमा और भव्यता को बढ़ाने के लिए भारतीय हिंदी सिनेमा के कई जाने-माने अभिनेता और निर्माता मंडी पहुंच रहे हैं। जिनमें सीआईडी फेम प्रख्यात अभिनेता आदित्य श्रीवास्तव, यशपाल शर्मा, संजय मिश्रा, हेमंत पांडे और राजेश जैश जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का प्रयास केवल व्यावसायिक मनोरंजन परोसना नहीं, बल्कि सार्थक सिनेमा के जरिए समाज को जागरूक करना और स्थानीय अनूठी प्रतिभाओं को एक राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, संस्कृति सदन के मुख्य सभागार, फर्स्ट फ्लोर हॉल और संकन गार्डन में फिल्मों की अनवरत स्क्रीनिंग और संवाद सत्रों का आयोजन तय हुआ है जिसमें 3 जुलाई को भूतनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद 11 बजे उद्घाटन समारोह होगा । जिसमें हिंदी सिनेमा से आये अभिनेताओं और निर्माताओं का सम्मान किया जाएगा। जबकि प्रख्यात कहानीकार मुरारी शर्मा, हिमाचल गौरव प्राप्त जाने माने फोटोग्राफर बीरबल शर्मा, प्रो. शुक्ला शर्मा, साहित्यकार गंगा राम राजी, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, संगीत गुरू उमेश भारद्वाज और वास्तुकार नंद लाल चंदेल जैसी विभूतियों को देवभूमि लाइफटाइम एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
पहले दिन बर्थडे केक, जोकर जैसी लघु फिल्मों के साथ-साथ प्रख्यात फीचर फिल्म एक बहता जीवन हरिद्वार में और मराठी फिल्म सुधागढ़ 07 का प्रदर्शन होगा, जिसके बाद शाम को इंदिरा मार्किट संकन गार्डन में जनता का फेस्टिवल टीम के साथ सीधा संवाद आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दूसरे दिन 4 जुलाई को मुख्य सभागार में सुबह हिंदी फीचर फिल्म 'मसंद' की स्क्रीनिंग और एक विशेष मास्टर क्लास का आयोजन होगा। जिसके बाद प्रसिद्ध गढ़वाली फीचर फिल्म व्हेन सोल्स मीट तथा शाम को आना जाना, द फॉरबिडन कार्ड और 'रेड - द कलर ऑफ साइलेंस जैसी विचारोत्तेजक शॉर्ट फिल्में दिखाई जाएंगी। जबकि समानांतर रूप से फर्स्ट फ्लोर हॉल में ब्रिज टू यूटोपिया, 'पिंडी दे गुरुचरण और मराठी फिल्म सकाल तर हौ द्या प्रदर्शित की जाएगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 5 जुलाई को अनरिजॉल्व्ड, 'रैट रेस, हिमालय की वेदना, हिकी को मोरी और प्योर वॉटर फॉर एवरी हाउस जैसी सामाजिक व क्षेत्रीय सरोकारों से जुड़ी लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ दोपहर में कश्मीरी फिल्म गिरद दिखाई जाएगी । जबकि शाम को इस त्रि-दिवसीय महाकुंभ का समापन भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। यह फिल्म फेस्टिवल हिमाचल प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों के युवा फिल्मकारों, निर्देशकों और लेखकों के लिए एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। जहां उन्हें स्थापित निर्देशकों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा और कला व सार्थक विमर्श में रुचि रखने वाले स्थानीय निवासियों व विद्यार्थियों के लिए यह एक अत्यंत दुर्लभ, समृद्ध और प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध होगा।
फिल्म फेस्टिवल में आओ वाले सितारे,
---------------

