विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में किसानों को किया जा रहा जागरूक

-पौड़ी में होंगे दो दिवसीय कार्यक्रम

देहरादून, 9 जून (हि.स.)। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में चलाए जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ-2025 के अंतर्गत उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर किसानों को जागरूक करने की पहल की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देना है।

पौड़ी गढ़वाल जनपद में इस अभियान के अंतर्गत 10 जून को पौड़ी जनपद के बीरोंखाल ब्लॉक व 11 जून को देवराड़ी देवी पौखड़ा में खंड स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में भारत सरकार के प्रतिनिधि अनूप सिंह बिष्ट (उप सचिव, विस्तार, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय), एस. भानमती (उप निदेशक) और जिस्नु के. जे. (क्षेत्रीय गृह अर्थशास्त्री) प्रतिभाग कर किसानों को कृषि संबंधित योजनाओं, नई कृषि तकनीकों, बीजों की उन्नत किस्मों, नवाचार, जल प्रबंधन, जैविक खेती और बाजार संपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान भी करेंगे। इसके साथ ही अधिकारियों संग विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ 2025 की समीक्षा भी की जाएगी।

वहीं जिलाधिकारी और पौड़ी गढ़वाल के मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में सभी संबंधित विभागों - कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता आदि को इस अभियान को सफल बनाने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। यह अभियान प्रधानमंत्री के “अमृत काल” के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका लक्ष्य है “समृद्ध किसान, सशक्त भारत”।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal

   

सम्बंधित खबर