पूर्व भाजपा प्रत्याशी बृजलाल कांग्रेस में शामिल, सैकड़ों समर्थकों ने भी थामा पार्टी का दामन

शिमला, 02 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के संगठन विस्तार अभियान के बीच रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रहे बृजलाल ने वीरवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बृजलाल और उनके साथ आए समर्थकों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित पार्टी के कई अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि बृजलाल के कांग्रेस में शामिल होने से रामपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में संगठन विस्तार अभियान शुरू हो चुका है, जो एक महीने तक चलेगा। उन्होंने कहा कि रामपुर क्षेत्र से 300 से अधिक भाजपा समर्थकों का कांग्रेस में शामिल होना इस अभियान की अच्छी शुरुआत है। विनय कुमार ने दावा किया कि प्रदेश भर में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनसमर्थन वाली पार्टी है, जबकि भाजपा धनबल की राजनीति करती है। उनके अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जबकि भाजपा नेताओं तक सीमित होकर रह गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है और उसके नेता मुख्यमंत्री पद की दौड़ में एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस में शामिल हुए सभी लोगों को संगठन में पूरा सम्मान देने का भरोसा भी दिया।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 550 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं, जिनमें सड़क निर्माण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संतुलित विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि रामपुर क्षेत्र के विकास में उनका बड़ा योगदान रहा और उन्होंने क्षेत्र के विकास में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां नई सड़कों की जरूरत है, वहां भूमि दान के लिए आगे आएं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बृजलाल के कांग्रेस में शामिल होने से रामपुर क्षेत्र में पार्टी और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को आगे बढ़ाना चाहिए।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद बृजलाल ने कहा कि उन्होंने बिना किसी शर्त के पार्टी की सदस्यता ली है।

उन्होंने कहा कि वह रामपुर क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान बृजलाल के साथ जिला परिषद सदस्य बंसीलाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा समर्थकों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनके अलावा विभिन्न पंचायतों के अनेक कार्यकर्ताओं और महिला मंडलों की सदस्याओं ने भी कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। कांग्रेस ने दावा किया कि रामपुर क्षेत्र से 300 से अधिक लोगों ने भाजपा छोड़कर पार्टी की सदस्यता ली है।

---------------

   

सम्बंधित खबर