नकटी में बुलडोजर कार्रवाई से नाराज सांसद बृजमोहन ने की अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

रायपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई पर स्थानीय भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने रात के अंधेरे में और तड़के सुबह की गई इस तोड़फोड़ को पूरी तरह से गलत ठहराया है। उन्होंने कहा कि वे पहले भी ग्रामीणों के साथ थे और आगे भी रहेंगे।

दिल्ली से लौटकर माना एयरपोर्ट पर आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उनसे चर्चा के बावजूद अधिकारियों ने नकटी में बुलडोजर चलाया है। इनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे पिछले 3 साल से नकटी के लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहे हैं।

सांसद ने स्पष्ट कहा है कि बिना पूर्व पुनर्वास योजना के इस तरह आधी रात को मकानों को ढहाना अमानवीय है। ऐसा करने वाले अधिकारियों को दंडित किया जाना चाहिए।उन्होंने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि जब तक विस्थापित होने वाले परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास या व्यापक पुनर्वास योजना फाइनल नहीं हो जाती, तब तक कोई बेदखली न की जाए। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वे इस व्यावहारिक समस्या और जनता के नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से दोबारा बात करेंगे ताकि कोई उचित समाधान निकाला जा सके।

सांसद ने दोहराया कि वे अपने पहले के रुख पर कायम हैं और नकटी के ग्रामीणों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, “मैं ग्रामीणों के साथ कल भी था, आज भी हूं और कल भी रहूंगा।”

   

सम्बंधित खबर