महुआ मोइत्रा के सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा नेता ने दर्ज कराई शिकायत, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप
- DSS Admin
- May 19, 2026
नदिया, 19 मई (हि. स.)। जिले के करिमपुर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। एक भाजपा नेता ने उनके खिलाफ करिमपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनके बयान से सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
भाजपा नेता गोलोक विश्वास, जो करिमपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडल-3 के उपाध्यक्ष हैं, ने शिकायत में आरोप लगाया कि सांसद ने पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम, 1950 से जुड़े हालिया दिशा-निर्देशों पर फेसबुक पोस्ट के माध्यम से आपत्तिजनक टिप्पणी की।
शिकायत में कहा गया है कि सरकारी अधिसूचना किसी विशेष समुदाय या वर्ग को लक्षित नहीं करती, लेकिन सांसद की टिप्पणी “भ्रामक और उत्तेजक” है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए करिमपुर के भाजपा विधायक समरेन्द्रनाथ घोष ने महुआ मोइत्रा की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि सरकारी निर्देशों में कहीं भी पशु हाट बंद करने या व्यापार रोकने की बात नहीं कही गई है। उनके अनुसार ये कदम भारत-बांग्लादेश सीमा पर पशु तस्करी रोकने के लिए उठाए गए हैं।
विधायक ने आगे आरोप लगाया कि पहले भी कई पशु तस्करी मामलों में तृणमूल नेताओं के नाम सामने आते रहे हैं और महुआ मोइत्रा की टिप्पणी से तस्करी नेटवर्क को अप्रत्यक्ष समर्थन मिलता है। उन्होंने पुलिस से इस पहलू की भी जांच करने की मांग की।
यह विवाद इसलिए और गहरा गया है क्योंकि इसी महीने की शुरुआत में महुआ मोइत्रा ने भी भाजपा नेता गोलोक विश्वास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उस शिकायत में आरोप था कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें “कालीनागिनी महुआ” कहकर निशाना बनाया गया और यह भी कहा गया कि इलाके में जो कोई उन्हें संपत्ति किराए पर देगा या बेचेगा, उसे “इलाके का दुश्मन” माना जाएगा।
अब उसी नेता की ओर से पलटवार करते हुए महुआ मोइत्रा पर विभाजनकारी बयान देने और इलाके में तनाव बढ़ाने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि वह पहले भी स्थानीय संपत्ति विवादों से जुड़ी रही हैं।
प्रशासनिक स्तर पर दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक महुआ मोइत्रा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

