कटनी रेलवे स्टेशन के पास देर रात शराब दुकान में घुसकर फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
- DSS Admin
- Jun 21, 2026
युवक ने किए चार राउंड फायर, पुरानी रंजिश का मामला, आरोपी फरार
कटनी, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी के रेलवे स्टेशन परिसर के समीप शनिवार देर रात एक अंग्रेजी शराब दुकान में एक युवक ने पिस्तौल से चार राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वारदात का सीसीटीवी फुटेज रविवार को सामने आया है, जिसमें आरोपी बेखौफ अंदाज में फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित रेलवे स्टेशन रोड की है। स्टेशन मार्ग होने के कारण यह इलाका देर रात तक व्यस्त रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक शराब दुकान के बाहर पहुंचा और अचानक कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने एक के बाद एक चार गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी कर्मचारी या राहगीर को गोली नहीं लगी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। रविवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को दुकान के भीतर फायरिंग करते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
पुरानी रंजिश और आपसी विवाद का मामला
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद और पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि शराब दुकान के प्रबंधक एवं कर्मचारियों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
---------------

