पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की जयपुर में हुई एंजियोप्लास्टी
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की शुक्रवार को जयपुर के एक निजी अस्पताल में एंजियोप्लास्टी की गई। वे पूर्व निर्धारित कार्डियक फॉलोअप और स्वास्थ्य जांच के लिए जयपुर पहुंचे थे। एयरपोर्ट से सीधे जवाहर सर्किल स्थित निजी अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी विभिन्न चिकित्सीय जांचें की गईं, जिनके बाद डॉक्टरों ने एंजियोप्लास्टी की।
जानकारी के अनुसार, एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. समीन के. शर्मा की देखरेख में की गई। इस दौरान धनखड़ के हृदय में दो स्टेंट लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। पूर्व उपराष्ट्रपति के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना।
मार्च, 2025 में भी हृदय संबंधी समस्या के चलते जगदीप धनखड़ का नई दिल्ली स्थित एम्स में कार्डियक प्रोसीजर हुआ था।
इसी वर्ष जनवरी में भी अस्वस्थ होने पर उन्हें एम्स में भर्ती कर जांच कराई गई थी। जगदीप धनखड़ 3 और 4 जुलाई को जयपुर में ही रहेंगे तथा 5 जुलाई की सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
---------------

