उज्जैन में ऑटो से 57.50 लाख की एमडी ड्रग्स बरामद, दो युवक गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 03, 2026

उज्जैन, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस ने दो युवकों को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी एक ऑटो में सांवराखेड़ी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 112.35 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने शुक्रवार को बताया कि ऑटो क्रं. एमपी-13-आर-5205 में सवार दो युवक मादक पदार्थ लेकर सांवराखेड़ी के समीप पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास खड़े होकर किसी के आने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों के नाम बेगमपुरा निवासी शादाब पुत्र शेरू खान 29 वर्षीय और दाऊद पुत्र हमीद खान 22 वर्षीय सामने आए। पुलिस ने उनकी तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 112.35 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑटो भी जब्त कर लिया है। उक्त ऑटो शादाब के नाम पर है। बरामद एमडी ड्रग्स की कीमत 57.50 लाख और ऑटो की कीमत लगभग ढाई लाख रुपए है। इस तरह जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 60 लाख रु.है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों युवक ऑटो चलाने का काम करते हैं।
---------------

