धमतरी को मिलेंगे दो नए फोरलेन, सड़क नेटवर्क होगा और मजबूत
- DSS Admin
- May 19, 2026
पीडब्ल्यूडी सचिव ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिए सख्त निर्देश
धमतरी, 19 मई (हि.स.)। जिले में सड़क अधोसंरचना को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग तेजी से काम कर रहा है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मंगलवार को धमतरी जिले की निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने शहर में प्रस्तावित दो महत्वपूर्ण फोरलेन परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इनमें रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक 4.4 किलोमीटर तथा सिहावा चौक से कोलियारी तक 5 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इन मार्गों के विकसित होने से शहर में बढ़ते यातायात दबाव को काफी राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रारंभिक तैयारियां शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके बाद सचिव ने कुरुद-चरमुड़िया-गोबरा-सिवनी-चिंवरी-सिर्री मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
लगभग 30 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से 9.3 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिसे फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री और सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी ली तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी। सचिव ने सिर्री-फुसेरा-करगा-चटौद मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। लगभग 15 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से 9.6 किलोमीटर लंबी इस सड़क का उन्नयन किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने और ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

