लखनऊ समेत अवध क्षेत्र के जिलों में दिखी बड़े मंगल की धूम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बांटा प्रसाद
- DSS Admin
- May 19, 2026


लखनऊ, 19 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ माह के तृतीय बड़े मंगलवार को मंगल भवन अमंगल हारी भगवान हनुमान की मंदिरों से लेकर चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों में जयकारों, भजनों की गूंज और भंडारों से शोभायमान दिखे।
लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्टी मुख्यालय में पार्टी नेताओं ने भंडारा वितरित किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय के गेट नंबर दो पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान कई पार्टी नेता एवं कार्यकर्ताओं ने जमकर लोगों को प्रसाद बांटा। लोगों ने बढ़ चढ़कर भंडारे में प्रसाद पाकर खुशी जाहिर की। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी शहर में आयोजित भंडारों में पहुंचकर प्रसाद वितरित किया।
वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगलवार को उत्तर प्रदेश फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा हजरतगंज चौराहा स्थित मीडिया प्वाइंट पर लगाये गये भंडारे में शामिल हुए। उन्होंने भंडारे में हनुमान जी की पूजा अर्चना की और प्रसाद का वितरण किया। इस अवसर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, लखनऊ मध्य क्षेत्र के विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व ओएसडी आशीष यादव सोनू यादव, फोटो जर्नलिस्ट और पत्रकार सुशील सहाय, वरिष्ठ पत्रकार शिवसरन सिंह, भारत सिंह, शिव विजय सिंह, स्वपन पाल, संदीप रस्तोगी, विशाल श्रीवास्तव, अरूण शर्मा बबलू, फूलचंद समेत बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि मंगलवार के दिन सभी लोग हनुमान जी को याद करते हैं उनकी पूजा अर्चना करते हैं। आज लखनऊ में कई जगह भंडारों में मैं शामिल हुआ। भंडारों में हमने बड़ी संख्या में लोगों को जुड़ते देखा। यही हमारी मिलीजुली संस्कृति है। यही गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारा है। हमारा संविधान बताता है कि हर एक के प्रति प्रेम, भाईचारा, दया और अपनापन रखना है। इसी से हमारा देश मजबूत होगा। उन्होंने भंडारे की परम्परा को आगे बढ़ाने के लिए सभी फोटो जर्नलिस्टो को बधाई दी।
इसके साथ ही अखिलेश यादव आज राजभवन के सामने स्थित मंदिर परिसर में आयोजित भंडारा में भी शामिल हुए तथा प्रसाद ग्रहण किया। वहां पुजारी ने अखिलेश यादव को जीवन में सफलता का आशीर्वाद दिया।
इसके अलावा व्यापार मंडल, सामाजिक संगठन, धर्माचार्य एवं भगवान के भक्तों ने भी बड़े मंगल के अवसर पर भंडारों का आयोजन किया। इन भंडारों में सामान्य जन के साथ-साथा संत महात्मा, राजनीतिक क्षेत्र के लोग, व्यापारी, अधिकारी, कर्मचारी वर्ग के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर के हिस्सा लिया।
---------------

