कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत : राजेंद्र पाल गौतम
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के लखनऊ जाते समय कानपुर आगमन पर जाजमऊ में महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा भव्य स्वागत किया गया। बारिश के बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में मौजूद रहे और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। यह बातें बुधवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।
स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। सभी ने फूल-मालाओं से प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना, जनसरोकारों के मुद्दों पर संघर्ष करना और जनता का विश्वास पुनः स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश प्रभारी के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।
कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

