जलपाईगुड़ी, 21 जून (हि. स.)। जिले के मयनागुड़ी में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनबीएसटीसी) की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना मयनागुड़ी के उदलाबाड़ी इलाके में बस सिलीगुड़ी से फालाकाटा की ओर जाते समय हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, तीस्ता ब्रिज पार करने के बाद बस ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पाकर पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और मयनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस दुर्घटना के कारण फिलहाल उस रूट पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गई। पुलिस और दमकल की टीम दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर स्थिति सामान्य करने में जुटी हुई है।

