गुरुग्राम: शुरू हुआ एसआईआर-2026, घर-घर पहुंचे बीएलओ

गुरुग्राम में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाते बीएलओ।


-मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने का होगा काम

-गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं जरूरी जानकारी व दस्तावेज

गुरुग्राम, 15 जून । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर-2026) की शुरुआत हो गई। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) गांवों, वार्डों, कॉलोनियों, सेक्टरों तथा रिहायशी सोसायटियों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके तथा मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के रिकॉर्ड को समय पर अपडेट किया जा सके।

अभियान के दौरान बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र (एन्यूमेरेशन फॉर्म) उपलब्ध करवा रहे हैं। इस प्रपत्र के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन किया जाएगा। बीएलओ मतदाताओं से मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, आधार संख्या (स्वैच्छिक), माता-पिता अथवा पति-पत्नी का नाम सहित अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे। वर्ष 2002 की मतदाता सूची में जिन मतदाताओं अथवा उनके माता-पिता का नाम दर्ज है, उन्हें केवल गणना प्रपत्र भरकर देना होगा। जिनका नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उपलब्ध नहीं है, उन्हें निर्धारित दस्तावेजों में से कम से कम एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। इन दस्तावेजों में जन्म प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, भूमि अथवा संपत्ति संबंधी अभिलेख सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य वैध दस्तावेज शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, नाम एवं पते में संशोधन तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया भी जारी रहेगी। इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर