हैफकिन को मिलेगा एक सप्ताह में फंड, स्वाथ्य मंत्री ने दिया आश्वासन
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
मुंबई, 01 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के हैफकिन इंस्टीट्यूट में सर्प दंश और पोलियों की वैक्सीन बनाने का काम फंड के अभाव में रूक गया है। इसे लेकर बुधवार को विधान सभा में मामला उठने के बाद स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने मसले का हल निकालने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि हैफकिन को फंड मंजूर करने के लिए एक सप्ताह के अंदर संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी और उसका हल निकाला जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह आठ दिनों के अंदर संबंधितों की बैठक बुलाएंगे। हैफकिन को फंड उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वैक्सीन उत्पादन का काम फिर से शुरू हो सके। इससे पहले एनसीपी (एसपी) के विधायक जयंत पाटिल ने यह मुद्दा सदन में उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के पास संस्था का बकाया पैसा होने की वजह से वैक्सीन बनाने का काम रुक गया है। हैफकिन को केंद्र सरकार ने पोलियो वैक्सीन बनाने और सप्लाई करने के लिए 200 करोड़ रुपये का ठेका दिया था। उन दिनों के वित्त मंत्री अजीत पवार ने 25 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए थे, इसलिए संस्था जून 2026 में रॉ मटेरियल खरीदकर केंद्र को 74 करोड़ रुपये की वैक्सीन सप्लाई कर पाई थी। इस सप्लाई का भुगतान अगस्त-सितंबर में मिलेगा। यह राशि बकाया होने की वजह से संस्था के पास रॉ मटेरियल खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। इस वजह से पोलियो और सर्प दंश की वैक्सीन बनाने का काम रुक गया है। हैफकिन की आर्थिक हालत खराब हो गई है।
पाटिल ने मांग की कि मंत्री आठ दिनों के अंदर हैफकिन प्रबंधन के साथ बैठक करें और उनकी वित्तीय दिक्कतों को हल निकालें। उन्होंने संगठन की हालत सुधारने के लिए पिछले चार्टर्ड अधिकारियों को नियुक्त करने का अनुरोध किया। इस अधिकारी ने संगठन के मामलों को पटरी पर लाने के लिए कई कदम उठाए थे।
---------------

