खांडू 'नाह वेलफेयर सोसाइटी' से चीनी सेना के अतिक्रमण के आरोपों पर करेंगे बात

इटानगर, 01 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि वह चीनी सेना द्वारा ज़मीन पर अतिक्रमण के आरोपों के बारे में भारतीय सेना और 'नाह वेलफेयर सोसाइटी' से बात करेंगे और इसकी पुष्टि करेंगे।

अपर सुबनसिरी ज़िले के टक्सिंग में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी द्वारा पुश्तैनी ज़मीन पर अतिक्रमण के 'नाह वेलफेयर सोसाइटी' के दावों के बारे में एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए, बीती रात मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि यह मामला पुराना हो सकता है, लेकिन भारतीय सेना और ग्रामीणों से बातचीत के बाद ही इसकी पुष्टि की जा सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मीडिया ने इस मामले की गलत रिपोर्टिंग की है।

उन्होंने कहा कि सच्चाई जानने के लिए वह टक्सिंग के लोगों से संपर्क करेंगे और स्वयं इस मामले को देखेंगे।

खांडू ने कहा कि कुछ दिन पहले टक्सिंग के अपने हालिया दौरे के दौरान, 'नाह वेलफेयर सोसाइटी' ने उनके सामने अतिक्रमण के आरोपों का मुद्दा नहीं उठाया था।

हालांकि, 'नाह वेलफेयर सोसाइटी' दवा किया कि यह मामला मुख्यमंत्री पेमा खांडू और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के ध्यान में पहले ही लाया जा चुका था।

सोसाइटी ने 26 जून को अपर सुबनसिरी ज़िले के उपायुक्त को पत्र भी लिखा था और दावा किया था कि चीनी सेना साल-दर-साल उनकी पुश्तैनी की ज़मीन पर अतिक्रमण कर रही है। हालांकि, सेना ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि यह बेबुनियाद आरोप है।

   

सम्बंधित खबर