कैथल: 9.31 करोड़ से जिला नागरिक अस्पताल का होगा कायाकल्प, दो एडवांस लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस भी मिलीं

नागरिक अस्पताल के भवन के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण के कार्य का शुभारंभ करते पुंडरी के विधायक सतपाल जांबा


कैथल, 01 जुलाई । कैथल के जिला नागरिक अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 9.31 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया। इसके साथ ही जिले को दो नई एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस भी मिली हैं, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इस परियोजना का शुभारंभ बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में विधायक सतपाल जांबा मुख्य अतिथि रहे, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला के नारायणगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन्हीं परियोजनाओं में कैथल जिला अस्पताल के नवीनीकरण कार्य का भी औपचारिक शुभारंभ शामिल रहा।विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही हैं। उनका कहना था कि विकसित हरियाणा, विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के नवीनीकरण से मरीजों को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जबकि नई एएलएस एंबुलेंस आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाएंगी।पूर्व विधायक लीलाराम ने कहा कि जिला अस्पताल के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार से आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि कैथल-करनाल मार्ग पर सांपनखेड़ी गांव में करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से चल रहा है, जिसके शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला ने अतिथियों का स्वागत किया और जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं तथा नई परियोजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर उपायुक्त अपराजिता, एडीसी सुशील कुमार, एसडीएम संजय कुमार, सांसद नवीन जिंदल के प्रतिनिधि रविंद्र धीमान, पूर्व विधायक लीलाराम सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर