जम्मू संभाग के जिला किश्तवाड़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी
- Editor Chief
- Jul 03, 2026
रामबन, 2 जुलाई: जिला प्रशासन किश्तवाड़ ने जिले में 5 जुलाई तक भारी वर्षा, गरज-चमक, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) तथा भूस्खलन की आशंका को देखते हुए मौसम संबंधी एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने तथा नदियों, नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों के पास जाने से बचने की अपील की है।
उपायुक्त कार्यालय द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार आगामी दिनों में जिले में सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा गरज-चमक होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा, अल्प अवधि में अत्यधिक तीव्र बारिश, तेज गर्जना, तेज हवाएं, नदी किनारों और नालों के पास अचानक बाढ़ तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा खिसकने की घटनाएं होने की आशंका व्यक्त की गई है।
जिला प्रशासन ने विशेष रूप से नदी किनारों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक जल स्रोतों और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूर रहें। साथ ही लोगों को अपने जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
स्थिति से निपटने के लिए राजस्व, लोक निर्माण विभाग (आर एंड बी), मैकेनिकल इंजीनियरिंग, पीएमजीएसवाई, जेपीडीसीएल, जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, एनएचआईडीसीएल, बीआरओ तथा अन्य संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। फील्ड स्टाफ को सक्रिय रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।प्रशासन ने सभी तहसीलदारों को भी निर्देशित किया है कि खराब मौसम के कारण जान-माल के किसी भी नुकसान की सूचना बिना किसी देरी के जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।
इस बीच, आपातकालीन स्थिति से निपटने और सहायता प्रदान करने के लिए उपायुक्त कार्यालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष को 24×7 आधार पर सक्रिय कर दिया गया है। नागरिक सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 9484217492 और 01995-259555, पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9906154100 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

