सूरजपुर में सघन कुष्ठ खोज अभियान शुरू, 15 जुलाई तक चलेगा घर-घर सर्वे
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
सूरजपुर, 15 जून (हि.स.)। सोमवार को छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार सूरजपुर जिले में सघन कुष्ठ खोज अभियान (एलडीसीडी) का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य कुष्ठ रोग के उन्मूलन और संक्रमण को समुदाय स्तर पर रोकना है।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगे, उनकी जांच करेंगे तथा पुष्टि होने पर उन्हें राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम (एनएलईपी) के तहत निःशुल्क एमडीटी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रत्येक सर्वे दल में दो सदस्य शामिल होंगे, जिनमें आरएचओ अथवा सीएचओ तथा मितानिन शामिल रहेंगी। सभी ग्रामों के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया गया है और स्क्रीनिंग की जानकारी मोबाइल ऐप एवं कुष्ठ खोज पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम में दर्ज की जाएगी।
पिछले वर्ष चिन्हित पॉजिटिव क्षेत्रों में शत-प्रतिशत घर-घर स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की निगरानी जिला एवं विकासखंड स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी। साथ ही कुल घरों में से कम से कम 5 प्रतिशत का सत्यापन सुपरवाइजरी स्टाफ द्वारा किया जाएगा, ताकि अभियान की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान को जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

