इज़राइल ने आयरन डोम के अपग्रेडेड सिस्टम के तौर पर 'आयरन बीम' लेजर का किया टेस्ट

मॉस्को/तेल अवीव, 02 जुलाई (हि.स.)। इज़राइल ने अपने बहुस्तरीय एयर डिफेंस नेटवर्क को और मजबूत करते हुए अपग्रेडेड 'आयरन डोम' सिस्टम का सफल परीक्षण किया है। इज़राइली रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि परीक्षण के दौरान पहली बार 'आयरन बीम' लेज़र सिस्टम का सफल ऑपरेशनल इंटीग्रेशन भी प्रदर्शित किया गया, जिससे एक साथ कई तरह के हवाई हमलों का मुकाबला करने की क्षमता में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी हुई है।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास व अन्य मीडिया रिपाेर्ट में रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि यह परीक्षण इज़राइल मिसाइल डिफेंस ऑर्गनाइज़ेशन (आईएमडीओ), रक्षा मंत्रालय के डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट डायरेक्टरेट (डीडीआर और डी) और राफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स के संयुक्त प्रयास से किया गया। हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए परीक्षण से जुड़ी तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।

मंत्रालय ने कहा कि नए अपग्रेड से रॉकेट, क्रूज़ मिसाइल और मानव रहित विमान (यूएवी) जैसे मौजूदा और भविष्य के खतरों के खिलाफ सिस्टम की क्षमता और प्रभावशीलता बढ़ी है। इसके अलावा, तेज़ और बड़ी संख्या में होने वाले हमलों से निपटने के लिए सिस्टम में कई तकनीकी सुधार किए गए हैं।

बयान में कहा गया कि परीक्षण के दौरान प्रदर्शित नई क्षमताएं विभिन्न प्रकार के हमलों का एक साथ मुकाबला करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हैं। विशेष रूप से 'आयरन बीम' लेज़र को 'आयरन डोम' के बैटल मैनेजमेंट सिस्टम के साथ सफलतापूर्वक एकीकृत किया गया, जिससे भविष्य में ऑपरेशनल तैनाती का रास्ता और मजबूत होगा।

इस इंटीग्रेशन के बाद कमांडर खतरे की प्रकृति, सिस्टम की उपलब्धता और लागत के आधार पर मिसाइल या लेज़र इंटरसेप्शन के बीच तुरंत निर्णय ले सकेंगे। जहां 'तमिर' इंटरसेप्टर मिसाइल की कीमत लगभग 50,000 डॉलर है, वहीं 'आयरन बीम' के लेज़र शॉट की लागत महज कुछ डॉलर बताई जाती है, जिससे एयर डिफेंस संचालन अधिक किफायती हो सकता है।

गौरतलब है कि 'आयरन डोम' को साल 2011 में इज़राइली वायु सेना में शामिल किया गया था। यह सिस्टम 4 से 70 किलोमीटर की दूरी तक आने वाले रॉकेट और अन्य हवाई खतरों को रोकने में सक्षम है और आज इज़राइल के मल्टी-लेयर्ड एयर डिफेंस नेटवर्क की रीढ़ माना जाता है।

इज़राइल की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं और उत्तरी सीमा पर हिज़्बुल्लाह की ओर से ड्रोन हमलों का खतरा बना हुआ है। ऐसे में 'आयरन डोम' और 'आयरन बीम' का संयुक्त संचालन इज़राइल की वायु सुरक्षा को नई मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।

---------------------

   

सम्बंधित खबर