रायपुर: सरोना की विदेशी शराब दुकान में सात लाख से अधिक की चोरी का खुलासा, राजस्थान के चार अंतरराज्यीय आरोपित गिरफ्तार

रायपुर: सरोना की विदेशी शराब दुकान में 7 लाख से अधिक की चोरी का खुलासा, राजस्थान के 4 अंतरराज्यीय आरोपित गिरफ्तार

रायपुर, 1 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित सरोना की कम्पोजिट विदेशी शराब दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए राजस्थान के चार अंतरराज्यीय आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आमानाका थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। मामले में एक अन्य आरोपित अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 की सुबह दुकान के सुपरवाइजर शुभम चक्रधारी जब दुकान खोलने पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला गायब मिला। अंदर जाकर जांच करने पर लॉकर उखड़ा हुआ मिला, जिसमें 13 जून की बिक्री की 7,05,580 रुपये की नकदी रखी थी। इसके अलावा करीब 10,820 रुपये मूल्य की शराब और दुकान का सीसीटीवी डीवीआर भी चोरी हो चुका था। शिकायत के आधार पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 193/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार 15 दिनों तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचनाओं का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपितों की लोकेशन राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम वहां रवाना हुई।

बांसवाड़ा में दबिश देकर पुलिस ने पवन कुमार पाटीकर (32), प्रकाश मईडा (32), सुनील चरपोटा (28) और राम सिंह (49) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

जांच में सामने आया कि फरार आरोपी पहले रायपुर आकर शराब दुकान की रेकी कर चुका था। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बनाई। सभी आरोपित एक चारपहिया वाहन से रायपुर पहुंचे, रात में दुकान का लॉकर उखाड़कर नकदी, शराब और डीवीआर चोरी किया तथा वारदात के बाद वापस राजस्थान फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 2 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त चारपहिया वाहन और चार मोबाइल फोन सहित करीब 15.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपित आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, नारकोटिक एक्ट तथा मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। सभी पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।

फिलहाल मामले में एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वहीं पुलिस आरोपितों के अन्य राज्यों में भी गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।

---------------

   

सम्बंधित खबर