झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ आजसू पार्टी का धनबाद में जनाक्रोश मार्च 22 को

रांची, 14 जून (हि.स.)। पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि आजसू पार्टी का उद्देश्य वोट नहीं बल्कि झारखंड का नवनिर्माण है। झारखंड को सही दिशा देने के लिए युवाओं को आगे आना होगा।

हेमंत सरकार का कोई रोडमैप नहीं है। माफिया राज चल रहा है और राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। इसके खिलाफ 22 जून को धनबाद में आजसू स्थापना दिवस पर जनाक्रोश मार्च का आह्वान किया गया है। यह निर्णय सरायकेला के टाउन हॉल में आयोजित पार्टी की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक में रविवार को लिया गया।

बैठक में सुदेश महतो ने कहा कि आजसू झारखंड के भविष्य की तैयारी के लिए युवा शक्ति को गोलबंद कर रही है। युवा आजसू का सम्मेलन 07–08 अगस्त को जमशेदपुर में होगा और 10,000 सक्रिय युवा कार्यकर्ता तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा रांची में 05 जुलाई को प्रदेश महिला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण में आजसू का बड़ा योगदान है। पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण और महिला समूहों के गठन में आजसू की अहम भूमिका रही है।

बैठक को पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, केंद्रीय महासचिव प्रो रविशंकर मौर्य, केंद्रीय सचिव सत्यनारायण महतो, चंद्रगुप्त सिंह, नंदलाल बिरुवा, नंदू पटेल दिनेश चंद्र बाईपोई, चंद्रमोहन सिंकू सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। साथ ही राज्य के जनसरोकारों, विकास, रोजगार, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और अन्य समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं 22 जून को धनबाद में आयोजित आजसू स्थापना दिवस–सह–जनाक्रोश मार्च, 05 जुलाई को रांची में आयोजित महिला अधिवेशन और 07–08 अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित युवा सम्मेलन की सफलता के लिए भी विचार विमर्श हुआ।

बैठक में ओडिशा के क्योंझर से आए सैकड़ों लोगों ने सुदेश महतो के समक्ष आजसू की सदस्यता ग्रहण की।

---------------

   

सम्बंधित खबर