

रामगढ़, 20 जून (हि.स.)। शहर में शनिवार को बालू तस्करों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। खनन विभाग ने शहर के राजीव पिक्चर हॉल के पास विद्यानगर में अवैध तरीके से भंडारण कर रखा गया 5000 सीएफटी बालू जब्त किया है। जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। कई स्थानों से बालू की तस्करी करने और इसका भंडारण करने की खबरें मिल रही थी। इसी बीच पता चला कि राजीव पिक्चर हॉल के पास विद्यानगर में बालू तस्करों ने बड़े पैमाने पर बालू का भंडारण किया है।
डीएमओ ने बताया कि उस भंडारित बालू को मनमाने कीमत पर गैर कानूनी तरीके से बाजार में बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर खान निरीक्षक राहुल कुमार सिंह को जब रामगढ़ थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी करने के लिए भेजा गया तो विद्यानगर में ही अवैध रूप से भंडार किया हुआ 5000 सीएफटी बालू मिला। उस बालू को जब्त कर जिला खनन कार्यालय परिसर में रखा गया है। उसकी नीलामी जल्द ही की जाएगी। साथ ही बालू तस्करों के खिलाफ कार्रवाई हेतु पहल की जा रही है।
खनन विभाग ने जब्त बालू सरकारी दर के आधार पर कीमत महज 37000 लगाया है। लेकिन बाजार में वर्तमान समय में अवैध तस्करी कर इसे 02 लाख रुपये से अधिक कीमत पर बेचने की बात भी सामने आई है।
जब खनन विभाग के पदाधिकारी पुलिस के साथ छापेमारी करने पहुंचे तो बालू तस्कर भी वहां जमा हो गए। भीड़ में शामिल लोगों ने अधिकारियों को कार्रवाई करने से भी रोका। साथ ही उनका गुस्सा इतना बढ़ गया था कि अधिकारियों को काम करना मुश्किल हो रहा था। बाद में पुलिस के सहयोग से आक्रोशित बालू तस्करों पर काबू पाया गया।
---------------

