ईसीएल चितरा की मानवीय पहल,डॉक्टर्स डे पर 184 टीबी मरीज गोद लिया
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
देवघर, 01 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ईसीएल चितरा क्षेत्र के सीएसआर फंड के सहयोग से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने और मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 184 टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटलियों का वितरण किया गया। साथ ही 184 मरीजों को गोद लेकर उनके नियमित उपचार, पौष्टिक आहार और समुचित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ईसीएल चितरा के महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने और टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए ईसीएल लगातार अपना सहयोग देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि मरीजों को दवा के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। ईसीएल के सीएसआर डिप्टी मैनेजर निशांत कुमार ने कहा कि समय पर उपचार, संतुलित आहार और सामाजिक सहयोग से टीबी जैसी बीमारी को हराया जा सकता है। वहीं सारठ सीएचसी के डॉ गुडाकेश ने इस पहल के लिए ईसीएल चितरा प्रबंधन, विशेष रूप से महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से टीबी मरीजों को काफी लाभ मिलेगा और उनके मनोबल में भी वृद्धि होगी। जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संचयन ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ाई में दवाओं के साथ पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक और संस्थागत सहयोग मिलने से टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को जल्द प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में टीबी कोऑर्डिनेटर दिवाकर तिवारी, शंकर शरण पंकज सहित स्वास्थ्य विभाग और ईसीएल के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
---------------

