सड़क हादसे में युवक की मौत, 12 जुलाई को होनी थी शादी

दुमका, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के हंसडीहा-भागलपुर स्टेट हाईवे पर हटिया थाना क्षेत्र के बनियारा गांव के समीप गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य युवक घायल हो गए।

मृतक की पहचान पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के चैरपहाड़ी गांव निवासी मुन्ना मांझी (28) के रूप में हुई है। उसकी शादी 12 जुलाई को होने वाली थी, लेकिन शादी से पहले ही उसकी अर्थी उठ गई, जिससे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चैरपहाड़ी गांव के चार युवक बाइक से हटिया से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बनियारा गांव के समीप हंसडीहा की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार मुन्ना मांझी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि प्रकाश मांझी, संतोष मांझी और अजय मांझी भी घायल हो गए। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही हंसडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मुन्ना मांझी को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मुन्ना मांझी की शादी 12 जुलाई को तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर