(संशाेधित) पोटका-डुमरिया को मिलेगी निर्बाध बिजली, पांडरासोली में बनेगा अत्याधुनिक लाइन हब
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
पूर्वी सिंहभूम, 28 जून (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम के पोटका विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। पांडरासोली में करोड़ों रुपये की लागत से अत्याधुनिक लाइन हब बनाया जाएगा, जिससे पोटका से डुमरिया तक निर्बाध और बेहतर वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी है।
इस संबंध में रविवार को विधायक संजीव सरदार ने जमशेदपुर परिसदन में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना की रूपरेखा तय की।
योजना के तहत चाईबासा से आने वाली पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन की 400/220 केवी ट्रांसमिशन लाइन को चांडिल से आने वाली झारखंड ऊर्जा संचरण निगम की 400/220 केवी लाइन से जोड़ा जाएगा। दोनों लाइनों के इंटरकनेक्शन से पांडरासोली एक प्रमुख पावर जंक्शन के रूप में विकसित होगा, जिससे लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और लंबी बिजली कटौती जैसी समस्याओं में बड़ी राहत मिलेगी।
इस परियोजना का लाभ पोटका, डुमरिया, मुसाबनी, हाता, घाटशिला और राजनगर क्षेत्र के लाखों उपभोक्ताओं को मिलेगा। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि क्षेत्र को 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और विभाग को जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कर परियोजना को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------

