केंद्रीय विद्यालय, डकरा का संजय सेठ ने किया उद्घाटन

रांची, 02 जुलाई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के एनके क्षेत्र अंतर्गत स्थित केन्द्रीय विद्यालय, सीसीएल, डकरा का गुरुवार को भव्य समारोह में उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद महुआ माजी उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर कांके के पूर्व विधायक समरी लाल, सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा और केंद्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एसजे जोगलेकर की मौजूद थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्मारिका (सुवेनियर) के विमोचन से हुआ। इसके बाद अतिथियों ने विद्यालय भवन का निरीक्षण किया और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय सेठ ने कहा कि सीसीएल के सहयोग से केंद्रीय विद्यालय, डकरा का उद्घाटन हुआ है, यह ना सिर्फ डकरा के लिए गौरव की बात है बल्कि पूरे खलारी एवं मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के लिए खुशी का विषय है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और वे भविष्य में देश-दुनिया में झारखंड और भारत का नाम रोशन करेंगे।

राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि झारखंड की प्रतिभाओं, विशेषकर महिलाओं ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि सीसीएल के सहयोग से उद्घाटन हुआ यह विद्यालय भी ऐसे विद्यार्थियों को तैयार करेगा, जो भविष्य में देश-विदेश में झारखंड एवं सीसीएल का नाम रोशन करेंगे।

सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि इस परिसर से उनका भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हों ने इसी परिसर में अपना बचपन बिताया है। यहीं क्रिकेट और फुटबॉल खेला है। पिछले कई वर्षों से वे इस विद्यालय को शुरू कराने के प्रयासों की नियमित समीक्षा कर रहे थे।

केन्द्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एसजे जोगलेकर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर