रांची, 02 जुलाई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की लॉ एंड ऑर्डर उप समिति की बैठक गुरुवार को चैंबर भवन में हुई। बैठक में चेंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़ ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य के आर्थिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए मजबूत कानून-व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ झारखंड चेंबर की हुई बैठक में अन्य विषयों के अलावा विधि व्यवस्था की मजबूती के लिए उनकी प्रतिबद्धता का स्वागत किया और विश्वास व्यक्त किया कि इससे राज्य की विधि व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
सदस्यों ने मुख्यमंत्री की ओर से राज्य की विधि व्यवस्था पर स्वयं संज्ञान लेने को सकारात्मक पहल बताते हुए इसका स्वागत किया।
वहीं सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार ने कहा कि वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को सभी थानों का नियमित औचक निरीक्षण करना चाहिए। लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि चेंबर की ओर से थाना स्तर पर प्रत्येक माह आयोजित होनेवाली पुलिस-व्यापारी समन्वय बैठकों से सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं। इन बैठकों से स्थानीय समस्याओं के समाधान में मदद मिल रही है और पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। इस व्यवस्था को पूरे राज्य में और अधिक प्रभावी बनाने के लिए झारखंड चेंबर पुलिस मुख्यालय जाकर पहल करने का आग्रह करेगा।
बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, शैलेष अग्रवाल, विकास विजयवर्गीय, सदस्य शषांक भारद्वाज, पूनम आनंद सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------

