सीसीएल की चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
रांची, 01 जुलाई (हि.स.)।
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) और कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत डोरंडा स्थित कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स में स्वच्छता ऑन कैनवास चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
सीसीएल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रतियोगिता में रांची के 30 विद्यालयों के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में ग्रुप-ए में प्रशांत रजवार, ग्रुप-बी में विवान शौर्य, ग्रुप-सी में आर्यन मालाकार और ग्रुप-डी में भूमिका दत्ता प्रथम स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं रंग सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी छात्रों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व पर आधारित आकर्षक चित्रों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सीसीएल के सीएसआर विभाग की प्रबंधक पूजा प्रसाद और प्रबंधक चंदन कुमार ने विद्यार्थियों की चित्रकृतियों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।
कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के निदेशक और वरिष्ठ कलाकार धनंजय कुमार ने कहा कि कला सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम है और इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती हैं। प्रतियोगिता चार आयु वर्गों में आयोजित की गई। मौके पर बडी संख्या में सीसीएल के पदाधिकारी कर्मी, छात्र सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------

