देवघर, 19 मई (हि.स.)। साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश और वरीय पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में मंगलवार को की गई छापेमारी में छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के कुछ युवक फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट ,गूगल पे,अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक, फोनपे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी ऑनलाइन धोखाधड़ी की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपिताें में बिशु दास (झुनाकी, सारठ), मिथुन दास (ढकढका, देवीपुर), चंदन दास (झुनाकी, सारठ), कैलाश दास (झुनाकी, सारठ), कुंदन कुमार दास (झुनाकी, सारठ) तथा अजीत कुमार दास (दुलीडीह, मधुपुर) शामिल हैं। इनमें से बिशु दास, मिथुन दास और चंदन दास के खिलाफ साइबर थाना, देवघर में पहले से भी मामले दर्ज हैं।
आरोपित खुद को गूगल पे, फोनपे और पेटीएम के कस्टमर केयर अधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देते थे। इसके बाद उनसे गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडीम कर लेते थे। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी बनकर कार्ड बंद होने और उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों से बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ऑनलाइन ठगी करते थे।
छापेमारी के दौरान आरोपिताें के पास से 11 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक प्रतिबिंब सिम जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में इन उपकरणों का उपयोग साइबर ठगी में किए जाने के प्रमाण मिले हैं।
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉलर को बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी या मोबाइल ऐप से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
---------------

