जेपीयू के कर्मचारी 15 सूत्री मांगों को लेकर विश्वविद्यालय में देंगे धरना
- DSS Admin
- May 19, 2026
सारण, 19 मई (हि.स.)। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र के सभी अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों सहित विश्वविद्यालय मुख्यालय के कर्मचारी 20 मई को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा विश्वविद्यालय मुख्यालय छपरा में एक धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने बताया कि यह आंदोलन कर्मचारियों की 15 सूत्री मांगों के समर्थन में किया जा रहा है। आंदोलन के मुख्य मुद्दों में वरीयता सूची के आधार पर प्रोन्नति, दैनिक वेतनभोगी व आउटसोर्सिंग कर्मियों का नियमितीकरण तथा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में रिक्त पड़े पदों पर अविलंब बहाली प्रक्रिया शुरू करना मुख्य रूप से शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार प्रातः 10:00 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक कर्मचारियों द्वारा पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके पश्चात प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में महासंघ पटना के संयुक्त मंत्री इन्द्र कुमार दास भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील की है कि वे कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक एवं न्यायोचित निर्णय लें, ताकि शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से चल सकें। महासंघ ने सभी कर्मियों से आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
---------------

