जन कल्याण शिविर में शामिल हुए मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
पश्चिम बर्दवान, 15 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा आयोजित जन कल्याण शिविर में सोमवार को राज्य के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने भाग लेकर शिविर का निरीक्षण किया तथा उपस्थित लाभार्थियों और अधिकारियों से संवाद किया।
इस दौरान मंत्री डॉ. पोद्दार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा नागरिक सेवाओं से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षणरत युवाओं से बातचीत कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने और कौशल विकास कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जन कल्याण शिविर के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आम लोगों को सुविधा मिल रही है।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योग्य लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। साथ ही कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
---------------

