मां दुर्गा और बाबा बजरंगबली प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
सुपौल, 01 जुलाई (हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 में श्री श्री 108 मां दुर्गा एवं बाबा बजरंगबली प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर बुधवार को भव्य कलश यात्रा एवं नगर भ्रमण का आयोजन किया गया।
धार्मिक आस्था और उत्साह से ओत-प्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में जय माता दी और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू हुई, जिसमें श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर वार्ड के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचे। यात्रा का नेतृत्व वार्ड पार्षद कामेश्वर पासवान, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार जैन उर्फ पप्पू जैन और मिथिलेश पासवान ने संयुक्त रूप से किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर आगे बढ़ते रहे। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा और पूजा-अर्चना के साथ कलश यात्रियों का स्वागत किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि मां दुर्गा एवं बाबा बजरंगबली की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर कई दिनों से धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। महोत्सव के तहत वैदिक विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना, हवन, मंत्रोच्चार एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समिति ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई।कार्यक्रम में माँगेंन पासवान, अशोक पासवान, शशि पासवान, किशोर गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पासवान समाज के महिला-पुरुष और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम, भाईचारा और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

