इंडियन हेल्थकेयर लीग सीज़न-2 का आगाज़:क्रिकेट के जरिए स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाएगी आईएचएल
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
जयपुर, 22 जून (हि.स.)। इंडियन हेल्थकेयर लीग (आईएचएल) ने अपने दूसरे सीज़न के लिए बड़े विस्तार की घोषणा की है। भारतीय क्रिकेटर रवि विश्नोई को लीग का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। इस अवसर पर डॉ. भगवान बिश्नोई, अशोक बिश्नोई, राजेश बिश्नोई, रोहित झालानी, शुभम चौधरी और सुनील शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
व्हाइट कोट स्पोर्ट्स द्वारा प्रमोट की जा रही आईएचएल की शुरुआत देशभर के हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को एक साझा खेल मंच उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से की गई थी। पहले सीज़न में दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की फ्रेंचाइजी शामिल थीं। अब लीग राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार के नए चरण में प्रवेश कर रही है।
आईएचएल के संस्थापक एवं व्हाइट कोट स्पोर्ट्स के सीएमडी डॉ. राहुल मंगल ने कहा कि रवि बिश्नोई का लीग से जुड़ना एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के माध्यम से प्रिवेंटिव हेल्थकेयर, कैंसर जागरूकता, शारीरिक फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जनजागरण किया जाएगा।
ब्रांड एंबेसडर रवि बिश्नोई ने कहा कि क्रिकेट समाज के हर वर्ग को जोड़ने का सशक्त माध्यम है और आईएचएल इस शक्ति का उपयोग स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कर रहा है। उन्होंने लीग के प्रयासों को समर्थन देने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
आईएचएल के सीईओ निशांत मेहता ने बताया कि सीज़न-2 लीग के लिए परिवर्तनकारी साबित होगा। इसमें विशेष एडवाइजरी बोर्ड का गठन, ‘शीस्ट्राइक’ पहल की शुरुआत, नई फ्रेंचाइजी का जुड़ना तथा देशभर में डॉक्टर ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। उनका कहना था कि लीग का उद्देश्य क्रिकेट को स्वास्थ्य जागरूकता और स्वस्थ समुदायों के निर्माण का प्रभावी माध्यम बनाना है।
दर्शकों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए आईएचएल ने अपने प्रसारण में राजस्थानी भाषा की कमेंट्री शुरू करने की भी घोषणा की है। यह पहल राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राजस्थानी भाषा को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
---------------

