हिसार : किसान सभा ने कृषि नीतियों के विरोध में अमेरिका के उप राष्ट्रपति का पुतला फूंका
- Admin Admin
- Apr 21, 2025

हिसार, 21 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय किसान सभा की जिला इकाई ने सरकार की किसान विरोधी कृषि नीतियों का विरोध करते हुए लघु सचिवालय पर जिला प्रधान शमशेर सिंह नम्बरदार के नेतृत्व में अमेरिका के उप राष्ट्रपति का पुतला फूंका। कार्यक्रम का संचालन संचालन तहसील सचिव रमेश मिरकां ने किया। जिला प्रधान शमशेर सिंह नंबरदार ने सोमवार को बताया कि अमेरिका का उप राष्ट्रपति कृषि सम्बंधी बिलों पर अमेरिका के हित में समझौता करने भारत आया है, इसके विरोध में किसान सभा ने आज प्रदर्शन किया तथा पुतला जलाया। उन्होंने कहा कि देश में जो नीतियां आयात-निर्यात करने की उप राष्ट्रपति लेकर आया है, उससे ये कृषि प्रधान देश बर्बाद हो जाएगा क्योंकि अमेरिका कृषि सम्बंधित उत्पाद देश को देगा, उस पर शून्य प्रतिशत या नाम मात्र आयात शुल्क लगेगा और हमारे उत्पादों पर 150 से 200 प्रतिशत भारी भरकम निर्यात शुल्क लगेगा। इस कारण देश का उत्पाद निर्यात नहीं होगा तो देश बर्बादी के कगार पर पहुंच जाएगा। अगर कृषि सम्बंधी अमेरिका की नीतियां अमेरिका के दबाव में भारत सरकार ने लागू की तो किसान सभा व संयुक्त किसान मोर्चा किसी भी हालत में लागू नहीं होने देगा व इसके लिये निर्णायक लड़ाई लड़ेगा।विरोध प्रदर्शन को तहसील प्रधान सूबेसिंह बूरा, मा. जयबीर मुकलान, मा. ओमप्रकाश रायपुर, मनोहर लाल जाखड़, किसान नेत्री कमला देवी, बलराज सहरावत, सतबीर रुहील, वजीर लाडवा, रोशन पूनिया, नरेन्द्र लाडवा, रामफल पूनिया, सतपाल शर्मा, राजेश शर्मा, जयसिंह वर्मा आर्य नगर, श्योचंद राम घोड़ेला आदि किसान नेताओं ने संबोधित करते हुए पुतला दहन में सहयोग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर