लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने आत्मरक्षा के गुण सिखाए: योगी आदित्यनाथ

विदेशी आक्रांताओं द्वारा नष्ट-भ्रष्ट किये गये मंदिरों का अहिल्याबाई ने पुनरुद्धार कराया

पिछली सरकारों ने बदला था अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखे गये डिग्री कॉलेज का नाम

आगरा/लखनऊ, 01 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुण्यश्लोका लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान 2025 के अंतर्गत आगरा में आयोजित विशाल संगोष्ठी को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुगल कालखंड में जब विदेशी आक्रांताओं ने भारत की अस्मिता और आस्था के प्रतीकों, खासकर मंदिरों को नष्ट और भ्रष्ट किया, तब महारानी अहिल्याबाई ने ढाई सौ साल पहले इनके पुनरुद्धार का महान कार्य किया। सीएम योगी ने कहा कि लोकमाता ने मालवा साम्राज्य को आत्मरक्षा के गुण सिखाए। आज भारत की सेना उसी प्रेरणा से सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करती है। जब पाकिस्तान आतंकियों को पालता है, तो भारत घुसकर मारता है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के एयर सिस्टम को ध्वस्त कर दुश्मन को झुकने के लिए मजबूर किया। यह लोकमाता के विराट व्यक्तित्व की प्रेरणा का परिणाम है।

पुण्यश्लोका का व्यक्तित्व आज भी हमें प्रकाश और प्रेरणा दे रहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज अपने राष्ट्रनायकों और नायिकाओं से प्रेरणा लेता है, तो कोई भी ताकत उसके मार्ग में बाधा नहीं बन सकती। लोकमाता अहिल्याबाई का विराट व्यक्तित्व इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने महिलाओं, हस्तशिल्पियों, कारीगरों, किसानों, युवाओं, सुरक्षा और भारत की सांस्कृतिक विरासत के लिए जो कार्य किए, वे अविस्मरणीय और अभिनंदनीय हैं। उन्होंने बताया कि पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई ने राजकोष की जगह अपने निजी धन से पुरी के जगन्नाथ मंदिर, गया के मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, केदारनाथ धाम, महाकाल मंदिर, ओमकारेश्वर मंदिर, सोमनाथ मंदिर, भीमाशंकर मंदिर और रामेश्वरम मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों का पुनरुद्धार किया। उन्होंने मात्र 70 वर्ष का जीवन जिया, लेकिन उनका व्यक्तित्व आज भी हमें प्रकाश और प्रेरणा दे रहा है।

लोकमाता ने आत्मरक्षा के गुण सिखाए

मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के कार्यों से प्रेरित होकर डबल इंजन की सरकार तमाम योजनाएं सांचालित कर रही है। सीएम योगी ने लखपति दीदी, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना योजना और आत्मनिर्भर भारत अभियान का विशेष उल्लेख किया। साथ ही, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भव्य राम मंदिर, महाकाल में महालोक, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम, सोमनाथ और रामेश्वरम मंदिरों में हो रहे कार्यों को भी इसी कड़ी का हिस्सा बताया।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले कुछ लोग माफिया को पालते थे, जो कानून व्यवस्था के लिए संकट पैदा करते थे। लेकिन आज डबल इंजन की सरकार ने लोकमाता के नाम पर औरैया में मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया। पहले कुछ लोग उनके नाम पर बने डिग्री कॉलेज का नाम बदल देते थे, लेकिन हम उनकी विरासत को सम्मान दे रहे हैं। सीएम योगी ने देवी अहिल्याबाई द्वारा महिलाओं और हस्तशिल्प के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जैसे काशी में बनारसी साड़ी विश्वविख्यात है, वैसे ही लोकमाता ने माहिष्मती की साड़ियों को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने महिलाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई, जो आज भी प्रेरणादायक है।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, उनकी पत्नी सुदेश धनखड़, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, संगोष्ठी के आयोजक एवं संयोजक केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, महाराष्ट्र विधानपरिषद् के सभापति श्रीराम शिंदे, सांसद वीके पार्थसारथी, सांसद वाचस्पति नागराजू, गोवा के पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रकांत कवलेकर, कार्यक्रम के अध्यक्ष हरि सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित पाल और बघेल समाज से जुड़े लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर