“दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” अभियान के अंतर्गत एमसीडी ने माधव पार्क, राजौरी गार्डन में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का किया आयोजन
- Admin Admin
- Aug 08, 2025
नई दिल्ली, 8 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पश्चिमी क्षेत्र द्वारा शुक्रवार को “दिल्ली को कूड़े से आजादी” स्वच्छता अभियान के अंतर्गत माधव पार्क, राजौरी गार्डन में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
महापौर राजा इकबाल सिंह एवं अन्य व्यक्तियों ने पार्क में पौधारोपण कर स्वच्छ और हरित दिल्ली बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर राजा इकबाल सिंह ने स्वस्थ शहरी वातावरण के लिए स्वच्छता और हरियाली दोनों के महत्व पर बात किया।
महापौर ने कहा कि पौधारोपण अभियान न केवल हमारे आस-पास के वातावरण को सुंदर बनाते हैं, बल्कि वायु गुणवत्ता में सुधार करते हैं। साथ ही जलवायु परिवर्तन से भी लड़ते हैं।
महापौर ने कहा कि हमें कचरे के अलगाव पर ध्यान देना चाहिए और प्रत्येक नागरिक को दिल्ली को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ही किसी भी अभियान की सफलता की कुंजी है।
महापौर ने “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” अभियान के तहत चल रहे स्वच्छता अभियान के बारे में जनता को जागरुक किया। उन्होंने कहा कि एमसीडी के कर्मचारी सभी क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने निवासियों से अपील की कि वे अपने आस-पास के क्षेत्र को कचरा मुक्त रखें, कचरे का पृथक्करण करें और सामुदायिक स्वच्छता अभियानों में भागीदारी करें।
इस अवसर पर दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह, उपमहापौर जय भगवान यादव, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगमायुक्त अश्विनी कुमार मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी



