मानसून की दस्तक से खेती-किसानी ने पकड़ी रफ्तार, 6.25 लाख हेक्टेयर में बोनी पूरी
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
रायपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में मानसून की सक्रियता के साथ ही खरीफ सीजन की खेती-किसानी ने गति पकड़ ली है। कृषि विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 6.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो इस वर्ष निर्धारित 48.69 लाख हेक्टेयर लक्ष्य का लगभग 13 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि, किसानों को उनकी मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद और बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सहकारी समितियों में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण और नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग लगातार व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहा है।
कृषि विभाग के मुताबिक, प्रदेश के किसानों को अब तक 7.28 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 3.09 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। विभाग का कहना है कि अच्छी बारिश के चलते धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न खरीफ फसलों की बोनी लगातार बढ़ रही है।
राज्य में 2 जुलाई 2026 तक 96.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है।
अधिकारियों ने बताया कि, खरीफ 2026 के लिए बीज निगम ने 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके विरुद्ध 4.30 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है और अब तक 3.09 लाख क्विंटल बीज किसानों को वितरित किया गया है, जो मांग का 62 प्रतिशत है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 2.67 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया गया था।
उधर, खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले 13.16 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण सहकारी और निजी क्षेत्रों में किया गया है, जिनमें से 7.28 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। यह निर्धारित लक्ष्य का लगभग 47 प्रतिशत है।
कृषि विभाग के अनुसार, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 30 जून 2026 तक किसानों को 5,525 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह राशि 4,517 करोड़ रुपये थी। चालू खरीफ सीजन के लिए 8,800 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है।
---------------

