डोमकल : पूर्व तृणमूल विधायक के गोदाम से राहत सामग्री बरामद
- DSS Admin
- Jun 24, 2026
मुर्शिदाबाद, 24 जून (हि. स.)। जिले के रानीनगर के पूर्व तृणमूल विधायक सौमिक हुसैन के बहरमपुर स्थित गोदाम से बड़ी मात्रा में राहत सामग्री बरामद किए जाने का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर डोमकल महकमा प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की टीम बहरमपुर के उत्तरपाड़ा मोड़ के पास स्थित गोदाम पहुंची और वहां से राहत सामग्री जब्त कर अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार, जब्त की गई सामग्री में सरकारी राहत वितरण के लिए रखे गए तिरपाल, साड़ियां, कंबल सहित अन्य सामान शामिल हैं।
गोदाम के एक कर्मचारी ने बताया कि रानीनगर में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण पूर्व विधायक ने इन सामग्रियों को बहरमपुर के इस गोदाम में रखा था। उनका दावा है कि करीब सात दिन पहले डोमकल महकमा प्रशासन की ओर से एक पत्र भेजा गया था, जिसमें कहा गया था कि राहत सामग्री वितरण के बाद यदि कुछ सामान बच जाता है तो उसे प्रशासन वापस ले लेगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन के उसी निर्देश के तहत बुधवार को अधिकारी गोदाम पहुंचे और वहां रखी राहत सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया।
---------------

