महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में तीन और आरोपित गिरफ्तार

मुंबई, 02 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस ने गुरुवार को तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक फरार आरोपित भी शामिल है, जिसे जम्मू में पकड़ा गया है।

मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने गुरुवार काे बताया कि गिरफ्तार किए लोगों की पहचान कपिल दहिया, सोनू सिंह और मिथुन सिंह के तौर पर की गई है। जम्मू से गिरफ्तार किए दहिया के खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' (एलओसी) जारी किया गया था, जबकि सोनू सिंह और मिथुन सिंह को लगातार तकनीकी निगरानी के बाद पटना से पकड़ा गया। अब तक की छानबीन में पता चला है कि सोनू सिंह और मिथुन सिंह मुख्य आरोपित बिजेंद्र कुमार गुप्ता के करीबी सहयोगी हैं, जिसे इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का आरोप है कि ये दोनों पटना में बिजेंद्र कुमार द्वारा बुलाई गई एक बैठक में शामिल हुए थे, जहां पेपर लीक की साजिश रची गई थी।

उल्लेखनीय है कि, सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए पूरे महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा आयोजित की गई थी। गड़बड़ी की शिकायतों के बाद कथित पेपर लीक का मामला सामने आया था। पुलिस का कहना है कि उनसे पूछताछ से बड़े नेटवर्क का खुलासा करने, लाभार्थियों की पहचान करने और इस रैकेट के पीछे के पैसों के लेन-देन का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ताज़ा गिरफ्तारियों के साथ, इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 11 हो गई है। पुलिस कोचिंग सेंटर चलाने वालों और बिचौलियों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिनके अंतर-राज्यीय नेटवर्क का हिस्सा होने का संदेह है।

---------------

   

सम्बंधित खबर