मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन की मौत, 25 से ज्यादा घायल

मैहर, 19 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में मां शारदा देवी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। अमदरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अमदरा थाना प्रभारी सहित 25 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कटनी जिले के रीठी क्षेत्र निवासी लोधी परिवार अपने परिचितों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मां शारदा देवी मंदिर, मैहर दर्शन के लिए रवाना हुआ था। बताया गया कि सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली अमदरा थाना क्षेत्र के सुरमा मोड़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक भारी ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहली टक्कर के बाद भी ट्रक चालक नहीं रुका और वाहन को भगाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली को दो बार और टक्कर मार दी। लगातार टक्कर लगने से ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और श्रद्धालु सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। इसी दौरान बचाव कार्य में जुटे एक स्थानीय युवक को भी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रॉली में सवार एक पुरुष श्रद्धालु ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल महिला रजनी लोधी की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

सूचना मिलते ही अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक अन्य अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें भी टक्कर मार दी। हादसे में थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक उनके पैर पर चढ़ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। NHAI और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार 20 से अधिक घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से 12 गंभीर घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा रही।

   

सम्बंधित खबर