मणिपुर में 10 उग्रवादी और 5 मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार व नशीले पदार्थ बरामद
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
इंफाल, 16 जून (हि.स.)। मणिपुर में उग्रवाद, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस एवं सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। 13 से 15 जून के बीच विभिन्न जिलों में चलाए गए अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने 10 उग्रवादियों और 5 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, संदिग्ध अफीम, ब्राउन शुगर तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, 15 जून को सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर थोउदाम रोशन मेइतेई उर्फ पिबारेल (21) को इंफाल पूर्वी जिले के सावोमबुंग मनियाइसकुल स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। आरोपी लमलाई थाना क्षेत्र का निवासी है।
इसके एक दिन पहले 14 जून को असम के खटखटी क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए मेइतांकेइशांगबम जिबन मैतेई उर्फ कटुंगचा (43) से पूछताछ के आधार पर सुरक्षा बलों ने पंगेई और याइरीपोक क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन इंसास राइफल, एक एक्स कैलिबर राइफल, दो एसएलआर राइफल, दो .303 राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, एक 7.65 एमएम पिस्तौल, 33 जिंदा कारतूस तथा विभिन्न हथियारों की 10 मैगजीन बरामद की गईं।
इसी दिन इंफाल पश्चिम जिले के वांगोई थाना गेट पर नियमित जांच के दौरान 240 कैन बीयर जब्त की गईं। जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग के हवाले कर दिया गया।
सुरक्षा बलों ने 14 जून को केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) गुट की सक्रिय महिला सदस्य लाइथांगबम सनतोम्बी देवी (24) को भी गिरफ्तार किया। वह वर्तमान में इंफाल पश्चिम जिले के लैंगोल गेम विलेज क्षेत्र में रह रही थी।
एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में सेना के वरिष्ठ अधिकारी की सरकारी गाड़ी जैसी दिखने वाली एक इनोवा कार को सेनापति जिले के टी. खुलेन क्षेत्र में रोका गया। वाहन से 15.4 किलोग्राम संदिग्ध अफीम के 17 पैकेट बरामद किए गए। कार चालक तारकेश्वर सिंह (45), जो असम के तिनसुकिया जिले का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन पर लगे सैन्य प्रतीकों और झंडे की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।
उग्रवाद विरोधी अभियान के तहत केसीपी (एमएफएल) गुट के सदस्य याम्बम मोमोचा सिंह उर्फ अबुंगचा (34) को इंफाल पूर्वी जिले के पौराबी मखा लीकाई से गिरफ्तार किया गया। वहीं आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय सदस्यों रोशन युमनाम (33) और स्वयंभू सार्जेंट मेजर ख्वाइराकपम चेतन मैतेई (37) उर्फ नानाओ उर्फ चुमथांग को भी इंफाल पश्चिम जिले से पकड़ा गया।
सुरक्षा बलों ने यूआरएफ के सक्रिय सदस्य और कथित जबरन वसूलीकर्ता मोहम्मद नवाज खान उर्फ हीरो (20) को मिनुथोंग गोलापति क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इसी क्रम में एनआरएफएम के सदस्य निंगथौजम प्रेमकुमार सिंह उर्फ पुंसीरोल उर्फ इबुंगो (35) को यारीपोक लमलाई क्रॉसिंग से हिरासत में लिया गया।
यूएनएलएफ (पी) गुट के सक्रिय सदस्य खुमुकचम श्यामसुंदर सिंह (54) को भी उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से मैगजीन सहित एक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की गई।
मणिपुर पुलिस ने आरपीएफ/पीएलए के एक अन्य सक्रिय सदस्य और कथित उगाहीकर्ता मोइरांगथेम नरेश सिंह उर्फ थौंगाम्बा उर्फ चिंगसांग (30) को बिष्णुपुर जिले के नाइखोंग खुनौ नाका चेक पोस्ट से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत 13 जून को चुराचांदपुर जिले के टोंगदाम क्षेत्र से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पाउज़ाथांग (45), गिनपु ज़ोउ (39) और कैलनमांग (30) के रूप में हुई है। इनके पास से संदिग्ध ब्राउन शुगर से भरी 67 साबुनदानियां बरामद की गईं।
इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में थोंगखोसेई हाओकिप (44) को चुराचांदपुर मुख्यालय क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया। वह एक ऑल्टो कार चला रहा था, जिसकी तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर से भरी 77 साबुनदानियां बरामद हुईं।
पुलिस मुख्यालय ने बताया कि राज्य में उग्रवादी गतिविधियों, अवैध हथियारों के नेटवर्क और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--------

