मेघालय को 3,214 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात

शिलांग, 15 जून, (हि.स.)। मेघालय को सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। राज्य में 3,214 करोड़ रुपये की लागत वाली छह राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का आज शुभारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने आज इसकी जानकारी दी।

इन परियोजनाओं का औपचारिक शुभारंभ न्यू शिलांग में आयोजित नॉर्थ ईस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर समिट के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। परियोजनाओं में चार नए राष्ट्रीय राजमार्ग विकास कार्य तथा दो मौजूदा राजमार्ग खंडों का उन्नयन शामिल है।

नई परियोजनाओं में एनएच-206 पर पिनुरसला बाईपास, एनएच-127बी पर धुबरी-फुलबाड़ी ब्रिज-सेलसेला सड़क, एनएच-206 पर सेलसेला-गोइराग्रे सड़क तथा एनएच-217 पर तुरा बाईपास शामिल हैं। इसके अलावा शिलांग-डावकी सड़क और जोवाई बाईपास का विकास भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी तथा आर्थिक विकास को गति मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार सड़क परियोजनाएं अंतर-जिला और अंतर-राज्यीय संपर्क को बेहतर बनाने, व्यापार एवं पर्यटन को बढ़ावा देने तथा परिवहन ढांचे को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

हाल के वर्षों में मेघालय में सड़क क्षेत्र में यह सबसे बड़े निवेशों में से एक माना जा रहा है, जिससे यात्रा सुगमता बढ़ने के साथ-साथ पूर्वोत्तर क्षेत्र में क्षेत्रीय एकीकरण को भी बल मिलेगा।

------------

   

सम्बंधित खबर