मेंढर प्रशासन ने अनियमितताओं के चलते एक प्राइवेट क्लिनिक को सील किया; स्थानीय लोगों ने गहन जांच की मांग की

मेंढर, 17 जून(हि.स.)। नियमों के उल्लंघन और गड़बड़ियों के आरोप में मेंढर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर पुंछ ज़िले के मेंढर शहर में डाक बंगले के सामने स्थित एक प्राइवेट मेडिकल सेंटर, 'एपेक्स हेल्थ केयर क्लिनिक' को सील कर दिया। सरकारी सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई क्लिनिक के निरीक्षण के दौरान मेंढर की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. ग़ज़ाला, मेंढर के एसएचओ , पुलिस की एक टीम और मेंढर के नायब तहसीलदार ने संयुक्त रूप से की।

पत्रकारों से बात करते हुए बीएमओ ने बताया कि निरीक्षण के समय क्लिनिक में कोई क्वालिफाइड नेत्र विशेषज्ञ मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि सेंटर में केवल एक बीयूएमएस डॉक्टर काम करते हुए पाया गया जिसके बाद अधिकारियों ने संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की और आगे की जांच होने तक क्लिनिक को सील कर दिया। इस कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत किया और क्लिनिक के कामकाज की विस्तृत जांच की मांग की। कई स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खास मेडिकल सेवाओं के नाम पर लोगों को गुमराह किया गया और उनसे पैसे ऐंठे गए। स्थानीय निवासियों ने कहा कि हमने बार-बार इस क्लिनिक के कामकाज को लेकर चिंता जताई है। इस बात का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच होनी चाहिए कि क्या मरीज़ों का इलाज बिना क्वालिफाइड विशेषज्ञों की मौजूदगी के किया जा रहा था। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और ज़िला प्रशासन से क्लिनिक के रिकॉर्ड, मंज़ूरी और मेडिकल प्रैक्टिस की जांच करने का भी आग्रह किया ताकि जवाबदेही तय की जा सके और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोका जा सके।

इस बीच अधिकारियों ने कहा कि आगे की जांच चल रही है और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर