लाहौल स्पीति में चार जगहों पर माइनस तापमान, मैदानी इलाके शिमला से ज्यादा सर्द
- Admin Admin
- Nov 16, 2025
शिमला, 16 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश इस बार नवंबर में ही भीषण शीतलहर की चपेट में है। लाहौल-स्पिति में ताबो, समधो, कुकुमसेरी और केलांग में आज तापमान माइनस में दर्ज किया गया, जिससे ऊपरी पर्वतीय इलाकों में सर्दी तेजी से बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश का न्यूनतम औसत तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम चल रहा है, जो दर्शाता है कि हिमाचल में ठंड का असर सामान्य से अधिक है।
दिलचस्प बात यह है कि मैदानी और निचले क्षेत्रों की रातें इस समय शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना और मंडी जैसे जिले रात में राजधानी शिमला से अधिक ठंड झेल रहे हैं। आज शिमला का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री रहा, जबकि ऊना में 8.0 डिग्री, बिलासपुर में 8.0 डिग्री, हमीरपुर में 6.2 डिग्री, मंडी में 6.6 डिग्री और कांगड़ा में 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों की इन ठंडी रातों ने लोगों को स्वेटर और जैकेट निकालने पर मजबूर कर दिया है।
जनजातीय जिला लाहौल-स्पिति में सबसे अधिक ठंड महसूस की गई, जहां केलांग का आज का तापमान –2.5 डिग्री, कुकुमसेरी –4.7 डिग्री, ताबो –2.2 डिग्री और समधो –0.8 डिग्री दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की ठंड से लेकर तीखी सर्द हवाएं चल रही हैं, हालांकि अभी तक कहीं भी बारिश या बर्फबारी नहीं हुई है।
मनाली में आज का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है। पर्यटन नगरी में सुबह और शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है। कुल्लू और मनाली आने वाले पर्यटकों को सुबह की सैर के दौरान जैकेट, दस्ताने और टोपी पहनने की सलाह दी जा रही है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट जारी है। सुंदरनगर में आज 4.7 डिग्री, भुंतर में 3.1 डिग्री, सोलन में 3.2 डिग्री, पालमपुर में 5.0 डिग्री, मंडी में 6.6 डिग्री, बिलासपुर में 8.0 डिग्री, हमीरपुर में 6.2 डिग्री, कांगड़ा में 7.3 डिग्री, नाहन में 9.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 7.8 डिग्री, सराहन में 5.0 डिग्री, नर्कंडा में 4.9 डिग्री, शिमला के पास मशोबरा में तापमान उपलब्ध नहीं रहा, जबकि रेकांगपिओ में 4.6 डिग्री, बरमौर में 6.9 डिग्री, कसाैली में 10.0 डिग्री, पांवटा साहिब में 11.0 डिग्री, नेरी में 11.4 डिग्री, बाजौरा में 4.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
पूरे प्रदेश में पिछले कई दिनों से बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है। नवम्बर महीने में राज्य में बारिश सामान्य से 83 फीसदी कम हुई है। आज भी मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले कई दिन भी ऐसा ही रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 22 नवंबर तक हिमाचल में कहीं भी बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। इससे तापमान और गिरने की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा



