नगर निगम के पट्टा शाखा के जमादार को पचास हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने दबोचा
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
जयपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को नगर निगम जयपुर के हवामहल-आमेर जोन स्थित पट्टा/लीज शाखा में कार्रवाई करते हुए कार्यालय जमादार को पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपित जमादार ने परिवादी के पिता के नाम मकान का पट्टा जारी करने की एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित जमादार रामसिंह यादव (28) निवासी श्रीमाधोपुर (सीकर) है, जो वर्तमान में नगर निगम जयपुर के हवामहल-आमेर जोन की पट्टा/लीज शाखा में कार्यालय जमादार के पद पर कार्यरत है।
उन्होंने बताया कि एसीबी मुख्यालय की जयपुर नगर तृतीय टीम को शिकायत मिली थी कि परिवादी के पिता के नाम मकान का पट्टा जारी करने के बदले आरोपित जमादार दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। जहां एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व तथा उपाधीक्षक सुरेंद्र पंचौली की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित जमादार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
---------------

