नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग व डेटा-बेस्ड प्लानिंग से चित्रकूट ने देश में हासिल किया 12वां स्थान
- DSS Admin
- May 19, 2026
-शिक्षा क्षेत्र में देश भर में तृतीय तथा स्वास्थ्य एवं पोषण घटक में शीर्ष 10 में स्थान
चित्रकूट, 19 मई (हि.स.)। नीति आयोग, भारत सरकार की ओर से आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत सितंबर 2025 की डेल्टा रैंकिंग के आधिकारिक आंकड़े जारी कर दिए गए हैं। इस नवीनतम मूल्यांकन में जनपद चित्रकूट ने नीति आयोग के विभिन्न विकास संकेतकों पर अनुकरणीय प्रदर्शन करते हुए देश के कुल 112 आकांक्षी जनपदों की सूची में 12वां स्थान प्राप्त किया है।
गौरतलब है कि जून 2025 की रैंकिंग में चित्रकूट जनपद 42वें पायदान पर था। इस रैंकिंग में बड़ा सुधार जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के कुशल मार्गदर्शन, दूरदर्शी प्रशासनिक विजन और निरंतर की जा रही कड़ाई से मॉनिटरिंग का प्रतिफल है। जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त विकास खंडों में डेटा-बेस्ड प्लानिंग (तथ्यों व सटीक आंकड़ों पर आधारित योजना) को कार्यप्रणाली का मुख्य आधार बनाया गया।
नीति आयोग के चौंपियंस ऑफ चेंज पोर्टल पर प्रदर्शित होने वाले सभी की-परफॉर्मेंस इंडिकेटर्स की विभागवार व ब्लॉकवार सूक्ष्म समीक्षा सुनिश्चित की गई। विभिन्न विभागों के मध्य सुदृढ़ अंतःसंबंध स्थापित कर कोर-इंडिकेटर्स के संतृप्तिकरण पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागों को बधाई देते हुए निर्देशित किया है कि इस प्रशासनिक गतिशीलता को निरंतर बनाए रखा जाए, ताकि आगामी समीक्षा अवधियों में चित्रकूट देश के शीर्ष 5 जनपदों में अपनी जगह सुनिश्चित कर सके।
------------------

