दैवीय आपदा में जान गंवाने वाले दो परिवार से मिले प्रभारी मंत्री अजीत पाल
- DSS Admin
- May 15, 2026
चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता की चेक देकर व्यक्त की सांत्वना
फ़तेहपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दो दिन पूर्व दैवीय आपदा आंधी तूफान ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। शुक्रवार को दैवीय आपदा में जान गंवाने वाले दोनों परिवारों के परिजनों को ढांढस जिले के प्रभारी मंत्री अजीत पाल गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक सौंपते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रभारी मंत्री ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ितों को शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
प्रभारी मंत्री सबसे पहले घटईपुर गांव पहुंचे, जहां आंधी के दौरान दीवार गिरने से रणजीत सिंह की मौत हो गई थी। यहां उन्होंने मृतक की पत्नी कुसमा देवी को सहायता राशि का चेक सौंपा। इसके बाद वह सोनारी गांव पहुंचे, जहां बिजली का खंभा टूटकर गिरने से घायल हुए रामशिरोमणि सिंह उर्फ ललयी की इलाज के दौरान प्रयागराज में मृत्यु हो गई थी। मंत्री ने उनके बेटे लवलेश सिंह को आर्थिक सहायता प्रदान की।
खास बात यह रही कि प्रभारी मंत्री बिना किसी राजनीतिक काफिले के अकेले अपनी गाड़ी से गांव पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने घटनास्थलों का जायजा लिया।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बाबूलाल, अजीत चांसलर, नितिन सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

