नारनौल में विधायक ने पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

दो बूंद जिंदगी की पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का हुआ शुभारंभ, 0 से 5 वर्ष के बच्चों को दवा पिलाने की अपील

नारनाैल, 28 जून (हि.स.)। जिले में राष्ट्रव्यापी सघन पल्स पोलियो अभियान का रविवार को शुभारंभ किया गया। सामान्य अस्पताल परिसर में विधायक ओमप्रकाश यादव ने बच्चों को 'दो बूंद जिंदगी की' पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी की चपेट में न आए।

विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि भारत वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में देश में संक्रमण का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना बेहद जरूरी है, क्योंकि एक भी बच्चा छूटने पर बीमारी दोबारा फैलने का खतरा बना रहता है।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार और उप सिविल सर्जन डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि पोलियो एक वायरस जनित बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बार-बार पोलियो की दवा पिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी बच्चे को पहले भी पोलियो की खुराक मिल चुकी है, तब भी अभियान के दौरान दोबारा दवा पिलाना आवश्यक है। इससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और सुरक्षा चक्र बना रहता है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों और आमजन से अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा में भी सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान को गति दी और अभिभावकों से अपने सभी पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने का आग्रह किया। इस दौरान डॉ. हर्ष चौहान, डॉ. दिनेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर