कानपुर सेंट्रल के पुनर्विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा : रमेश अवस्थी

कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परियोजना तय समय पर पूरी हो और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। यह बातें बुधवार को कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में रेलवे, नगर निगम, मेट्रो, पुलिस, रक्षा मंत्रालय और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों ने वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से चल रहे कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

सांसद ने सभी परियोजनाओं की प्रगति का बिंदुवार अवलोकन किया और अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में ड्रेनेज व्यवस्था की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम अधिकारियों को जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में कैंट क्षेत्र से जीटी रोड तक अतिक्रमण और जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। इस पर सांसद ने पुलिस और रक्षा विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर तत्काल कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के बाद सांसद ने अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण भी किया और विभिन्न स्थानों पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने आवश्यक तकनीकी सुधार और व्यवस्थागत सुधारों के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, अनिल दीक्षित, मुख्य यातायात प्रबंधक अंकाशु गोविल, उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण) उत्कर्ष जायसवाल, कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ पी.डी. स्टीफन, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार सहित रेलवे, नगर निगम, पुलिस, मेट्रो और रक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर