नगर निगम ने किया विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह पर ग्रीन प्लेज का आयोजन

मंडी, 06 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अंतर्गत नगर निगम मंडी द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नगर निगम मंडी के महापौर की अध्यक्षता में ग्रीन प्लेज -हरित संकल्प दिलवाया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम मंडी सहित समस्त निगम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों को स्वच्छ भारत, हरित भारत के संकल्प दिलवाए। इस ग्रीन प्लेज का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान ये संकल्प लिया गया कि प्राकृतिक पर्यावरण की सुरक्षा एवं संरक्षण किया जाएगा। संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी से बचा जाएगा। उपयोग की जा चुकी वस्तुओं का पुनः उपयोग किया जाएगा। सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाएगा। प्लास्टिक व पेपर बैग के स्थान पर कपड़े के थैलों का उपयोग किया जाएगा। सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके अलावा कम से कम कचरा उत्पन्न करने का प्रयास किया जाएगा। अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाएगा। ऊर्जा व जल संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने इस अवसर पर सभी नागरिकों से अपील की कि वे भी इस संकल्प को अपनाएं और पर्यावरण की रक्षा में अपना सक्रिय योगदान दें।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

   

सम्बंधित खबर